पुलघराट में दर्दनाक हादसा: 150 फीट नीचे सुकैती खड्ड में गिरी कार, बैंक मैनेजर की मौत

 पुलघराट में दर्दनाक हादसा: 150 फीट नीचे सुकैती खड्ड में गिरी कार, बैंक मैनेजर की मौत


मंडी : अजय सूर्या /

मंडी शहर के पुलघराट में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में 37 वर्षीय बैंक मैनेजर मनीष उर्फ मन्नू की मौत हो गई। हादसे के समय वह कार में अकेले सवार थे।


जानकारी के अनुसार मनीष उर्फ मन्नू मंडी के स्कोडी पुल स्थित कैनरा बैंक शाखा में बतौर मैनेजर कार्यरत थे। बुधवार दोपहर वह अपनी कार में मंडी से नेरचौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलघराट के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट नीचे सुकैती खड्ड में जा गिरी।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से खड्ड में गिरी कार तक पहुंचकर मनीष को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मनीष उर्फ मन्नू सरयाट क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और नौ वर्षीय बेटा है। उनकी पत्नी भी बैंक में कार्यरत बताई जा रही हैं। मनीष की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


सन्यार्ड वार्ड के पार्षद वीरेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि मनीष काफी मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।



टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें: