जेएनवी का उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकार्ड, अनुशासित वातावरण सुनिश्चित कर रहा छात्रों का बहुमुखी विकास- उपायुक्त
जेएनवी का उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकार्ड, अनुशासित वातावरण सुनिश्चित कर रहा छात्रों का बहुमुखी विकास- उपायुक्त
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता
पपरोला
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला का उत्कृष्ट शैक्षणिक ट्रैक रिकॉर्ड और अनुशासित वातावरण विद्यार्थियों का बहुमुखी विकास सुनिश्चित कर रहा है। विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें उत्कृष्टता के मार्ग पर ले जाने में एक अनुकरणीय भूमिका निभा रहा है। इसके चलते ही शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण पहचान बनाई है।
उपायुक्त ने आज जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहाकर समिति पपरोला की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने उक्त बातें कही।
उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधकों और शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वह लगातार ऐसे प्रयास करें कि विद्यालय आगामी समय में उत्कृष्टता की नई ऊंचाईयों को हासिल करे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पेश की गई विभिन्न कार्यसूची पर दिशा निर्देश जारी किए।
बैठक में विद्यालय को अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने के मामले पर उन्होंने एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम को निर्देश देते हुए कहा कि मामले पर त्वरित आगामी कार्रवाई के लिए उचित काग़जी कार्रवाई की जाए। विद्यालय प्रबंधन ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि वर्तमान में विद्यालय में 561 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। छात्रों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा शैक्षणिक एवं आवासीय खंड के पीछे सुरक्षा दीवार लगाना सुनिश्चित किया जाना है। इस संबंध में नवोदय विद्यालय समिति को आकलन सौंप दिया गया है।
प्राचार्य राजेश शर्मा ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि विद्यालय के साथ लगने वाली कूहल के कारण भारी बारिश के समय पानी विद्यालय परिसर में आ रहा है। इस दिक्कत के कारण विद्यालय प्रबंधन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया।
बैठक में चर्चा की गई कि इस साल कक्षा 6 में प्रवेश के लिए 28 नवम्बर 2026 को परीक्षा का आयोजन होना है। इसके तहत 5560 छात्रों को परीक्षा देनी है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए तमाम हितधारकों को उचित दिशा निर्देश प्रदान किए जाएं। उपायुक्त ने पारदर्शी परीक्षा के आयोजन का आश्वासन दिया और कहा कि परीक्षा के भाग लेने वाले छात्रों की संख्या को बढ़ाने के लिए स्कूल प्रबंधन ठोस कदम उठाए। उन्होंने प्राचार्य को इस संबंध में विद्यालय की एक समिति का गठन करने के निर्देश भी दिया साथ ही विद्यालय की उत्कृष्टता के उचित प्रचार प्रसार के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने छात्रों के स्वास्थ्य जांच और इस जांच के तहत सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर छात्रों के स्वास्थ्य के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होने के पश्चात छात्रों को स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतों को दूर करने पर विशेष बल दिया जाए। उन्होंने विद्यालय में सोलर लाइट लगाने, बासकेटबॉल मैदान को दुरुस्त करने का आश्वासन भी दिया।
प्राचार्य राजेश शर्मा ने बैठक में विभिन्न तथ्य पेश करते हुए कहा कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय की कक्षा जमा दो (विज्ञान और वाणिज्य) में 77.90 औसत और कक्षा 10वी में 85.42 औसत अंक प्राप्त हुए हैं।
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है। जेईई 2025–26 में, कुल 06 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके अलावा, पिछले सत्र यानी 2024–25 से, चार छात्रों ने प्रवेश प्राप्त किया, जिसमें IIT गुवाहाटी में एक छात्र और एनआईटी हमीरपुर में तीन छात्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो छात्रों का चयन IIT रुड़की के लिए हुआ था।
नीट परीक्षा 2025–26 में 06 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके अलावा, सत्र 2024–25 से चार छात्रों ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त किया। विद्यालय ने एसवीएचआर में अखिल भारतीय स्तर पर 14वीं रैंक तथा हिमाचल प्रदेश राज्य स्तर पर 1st रैंक (शहरी श्रेणी) हासिल की और 1 लाख का नकद पुरस्कार जीता।
उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि चालू शैक्षणिक सत्र में विद्यालय प्रबंधन अपनी उत्कृष्टता को कायम रखेगा।
प्रबंधन की ओर से उपायुक्त को सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव, स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, प्रदेश शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक एवं अध्यापक मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें