भुंगतियाल गांव में सुधरेगी पेयजल व्यवस्था; विभाग ने शुरू किया पाइप बदलने का काम
भुंगतियाल गांव में सुधरेगी पेयजल व्यवस्था; विभाग ने शुरू किया पाइप बदलने का काम
भरमाड़ : राजेश कतनौरिया /
विकास खंड फतेहपुर की ग्राम पंचायत टकोली घिर्था के अंतर्गत आने वाले भुंगतियाल गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले लंबे समय से मटमैला पानी पीने को मजबूर ग्रामीणों की समस्या का समाधान अब धरातल पर शुरू हो गया है। सोमवार को 'हिमाचल मीडिया' द्वारा इस प्रमुख जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद जल शक्ति विभाग तुरंत हरकत में आया है।
लीकेज और मटमैले पानी से परेशान थे 100 परिवार
भुंगतियाल गांव में करीब 100 घर हैं, जो पिछले काफी समय से दूषित पेयजल की आपूर्ति से जूझ रहे थे। मुख्य पाइपलाइन (Main Pipe) जगह-जगह से क्षतिग्रस्त और लीक होने के कारण नलों में गंदा और मटमैला पानी आ रहा था, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ था।
विभाग की त्वरित कार्रवाई: जेसीबी से खुदाई और नई पाइपलाइन
मीडिया में मामला गूंजते ही जल शक्ति विभाग ने संज्ञान लिया। विभाग द्वारा मौके पर जेसीबी लगाकर खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है और नई पाइपें भी भेज दी गई हैं। पुरानी और जर्जर पाइपों को बदलकर नई मेन पाइपलाइन डालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल मिल सके।
ग्रामीणों ने जताया आभार
इस समस्या के समाधान के लिए गांव के स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर की है। ग्रामीण:
राकेश कुमार, सुंदर सिंह, गौरव कुमार
मनिकेत सिंह, मदन कुमार, वरियाम चौधरी
रमन कुमार, नंद लाल, रजनीश कुमार
व उप-प्रधान रविंदर कुमार
इन सभी ने 'हिमाचल मीडिया' का धन्यवाद करते हुए कहा कि मीडिया के सहयोग से ही प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंची है। साथ ही ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) पंकज कौशल की त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की है।


कोई टिप्पणी नहीं