मानसिक संतुलन खो चुके हैं बल्ह के विधायक : प्रकाश चौधरी
मानसिक संतुलन खो चुके हैं बल्ह के विधायक : प्रकाश चौधरी
अधिकारियों व कर्मचारियों को धमकाना बंद करें विधायक – पूर्व मंत्री की चेतावनी
रिवालसर : अजय सूर्या /
प्रकाश चौधरी ने बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी द्वारा छेश्चु मेले को लेकर दिए गए बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने विधायक की बयानबाजी को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि उनके बयानों से स्पष्ट होता है कि वह राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि विधायक एक ओर यह आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें रिवालसर में आयोजित छेश्चु मेले के लिए आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि दूसरी ओर स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि निमंत्रण पत्र उनके घर पर पहुंचाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जानबूझकर मेला आयोजकों पर झूठे आरोप लगाकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि रिवालसर क्षेत्र की धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और आम जनता ने मेले के सफल आयोजन में सक्रिय योगदान दिया है और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की है। उन्होंने एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया की भूमिका की भी सराहना की।
पूर्व मंत्री ने विधायक पर अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव (प्रिविलेज मोशन) की धमकी देकर दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस प्रकार के बयान दे रहे हैं और अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं।
अंत में प्रकाश चौधरी ने विधायक को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाना बंद करें तथा अपनी राजनीतिक असफलताओं का दोष दूसरों पर मढ़ने से बचें। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें