उप डाकघर गुरकोठा को लेदा स्थानांतरित करने के विरोध में धरना जारी, लोगों ने जताई नाराजगी
उप डाकघर गुरकोठा को लेदा स्थानांतरित करने के विरोध में धरना जारी, लोगों ने जताई नाराजगी
गुरकोठा उप डाकघर गुरकोठा को लेदा स्थानांतरित किए जाने के विरोध में स्थानीय जनता का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार को गुरकोठा उप डाकघर नहीं खुला, जिससे अपने खातों से पैसे निकालने और खाते बंद करवाने आए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। डाक विभाग के कर्मचारी कार्यालय नहीं पहुंचे, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भारतीय डाक विभाग के मंडी अधीक्षक ने आश्वासन दिया था कि गुरकोठा उप डाकघर को लेदा स्थानांतरित करने से पहले गुरकोठा में "गुरकोठा" नाम से शाखा डाकघर खोला जाएगा। लेकिन अब तक इस संबंध में कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गुरकोठा क्षेत्र भौगोलिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। यहां से रिवालसर, नेरचौक और सुंदरनगर की दूरी लगभग 15 से 16 किलोमीटर है। गुरकोठा में डाकघर होने से आसपास के गांवों के लोगों को सुविधा रहती थी और उन्हें दूर नहीं जाना पड़ता था।
धरना दे रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक गुरकोठा में शाखा डाकघर नहीं खोला जाता तबतक हम इस सब पोस्ट आफिस का सामान यहां से नहीं उठाने देंगे और उनका विरोध प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने डाक विभाग और प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें