महाराजा जस्सा सिंह आहलुवालिया जयंती पर मरीजों को फल व जूस वितरित
महाराजा जस्सा सिंह आहलुवालिया जयंती पर मरीजों को फल व जूस वितरित
नेरचौक : अजय सूर्या /
सुल्तान-उल-कौम’ के नाम से विख्यात महान योद्धा महाराजा जस्सा सिंह आहलुवालिया की जयंती के अवसर पर आहलुवालिया सभा मंडी द्वारा सुंदरनगर में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके देश और समाज के प्रति अमूल्य योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक विचार व्यक्त किए।
सभा के अध्यक्ष बाल चंद वालिया ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में सुंदरनगर अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को फल एवं जूस वितरित किए गए। साथ ही मरीजों का कुशलक्षेम भी जाना गया। इस सेवा कार्य से मरीजों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा जस्सा सिंह आहलुवालिया के वीरतापूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय मुगलों के विरुद्ध संघर्ष में बिताया। वे ऐसे महान योद्धाओं में शामिल रहे जिन्होंने अत्याचारों का डटकर सामना करते हुए पीड़ित जनता को राहत दिलाई और अपनी नेतृत्व क्षमता से इतिहास में विशेष स्थान बनाया।
इस अवसर पर सुभाष आहलुवालिया, अश्वनी आहलुवालिया, जय राम वालिया, अशोक कुमार, शशि कुमार, निशांत वालिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें