सहायता समूहों की प्रदर्शनी में दिखी आत्मनिर्भरता की झलक, महिलाओं को मिला मंच
सहायता समूहों की प्रदर्शनी में दिखी आत्मनिर्भरता की झलक, महिलाओं को मिला मंच
नेरचौक : अजय सूर्या /
खंड विकास अधिकारी कार्यालय बल्ह में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत मातृशक्ति इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर चंडयाल द्वारा स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए ब्लॉक स्तरीय कैनोपी स्थापित की गई।
यह आयोजन खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में मिशन एक्जिक्यूटिव वीरेंद्र चौहान एवं एनआरएलएम स्टाफ द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करते हुए रिबन काटकर शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए आचार, कचौरी, सीडू सहित विभिन्न घरेलू उत्पादों को प्रदर्शित किया। इन उत्पादों की बिक्री भी की गई, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यातिथि स्मृतिका नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे स्टॉल नियमित रूप से लगाए जाएं, ताकि महिलाओं की आय में वृद्धि हो और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
वहीं, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र चौहान ने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आय में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन का मंच मिलने के साथ-साथ आत्मविश्वास और पहचान भी प्राप्त हुई, जो उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें