कर्तव्य पथ से चम्बा तक सम्मान की गूंज, गणतंत्र दिवस से लौटे कलाकारों का भव्य स्वागत
कर्तव्य पथ से चम्बा तक सम्मान की गूंज, गणतंत्र दिवस से लौटे कलाकारों का भव्य स्वागत
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और विरासत का प्रतिनिधित्व कर लौटे चम्बा के होनहार कलाकारों का आज चम्बा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। जितेंद्र पंकज शर्मा और रितिका ठाकुर जैसे ही चम्बा पहुंचे, स्थानीय लोगों और उनके प्रशंसकों ने फूलों मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में हिमाचल प्रदेश की झांकी को करीब 6-7 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शामिल होने का अवसर मिला था। प्रदेश भर से चयनित कुल 8 कलाकारों में से चम्बा जिले से 2 कलाकारों, जितेंद्र और रितिका का चयन हुआ था। यह चम्बा के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि यहां के कलाकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की कला का प्रदर्शन किया। मीडिया से बातचीत के दौरान कलाकारों ने बताया कि दिल्ली में पहले उन्होंने रिहर्सल किया। इस दौरान वे रक्षा मंत्रालय के अधीन रहे और उन्हें कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर भी मिला। राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की और जनजातीय मंत्रालय के कार्यक्रमों में एंकरिंग और अपनी संस्कृति को प्रस्तुत करने का मौका भी मिला। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सांसद हर्ष महाजन से भी शिष्टाचार भेंट की। कलाकार रितिका ठाकुर ने भावुक होते हुए कहा कि यह उनकी बचपन की मेहनत का फल है।
यह हमारा सौभाग्य है कि हमारी संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा हमें आज इस मुकाम तक ले गई है। हमने पूरी कोशिश की है कि चम्बा की कला और हिमाचल की शान को देश के सामने बेहतरीन तरीके से पेश कर सकें। वहीं, जितेंद्र पंकज शर्मा ने जिला प्रशासन और जिला भाषा अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से कलाकारों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने इस अनुभव को अपने जीवन का सबसे यादगार पल भी बताया।


कोई टिप्पणी नहीं