बड़ा देव कमरुनाग शिवरात्रि महोत्सव के लिए रवाना, 14 फरवरी को मंडी में होगा भव्य आगाज
बड़ा देव कमरुनाग शिवरात्रि महोत्सव के लिए रवाना, 14 फरवरी को मंडी में होगा भव्य आगाज
मंडी : अजय सूर्या /
अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी के देवकारज की शुरुआत के लिए बड़ा देव कमरुनाग अपने लाव-लश्कर के साथ गोत गांव से मंडी के लिए रवाना हो गए हैं। उनके मंडी पहुंचते ही 14 फरवरी को महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा।
परंपरा के अनुसार, शुक्रवार सुबह बड़ा देव गोत गांव में पुजारी बोधराज के घर से रवाना हुए। इस वर्ष विशेष बात यह रही कि देवता के साथ गूर के स्थान पर स्वयं पुजारी बोधराज मंडी आ रहे हैं। देव कमरुनाग के आगमन को लेकर क्षेत्र में भक्तों के बीच खासा उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
देवता अपने मार्ग में यजमानों के घरों में मेहमाननवाजी स्वीकार करते हुए 14 फरवरी को छोटी काशी मंडी में प्रवेश करेंगे। मंडी पहुंचने के बाद सबसे पहले राज देवता माधोराय से भव्य मिलन होगा, जिसके साथ ही महाशिवरात्रि महोत्सव के देवकारज औपचारिक रूप से आरंभ होंगे।
देव कमरुनाग ने अपने गूर और देवलुओं को निर्देश दिए हैं कि भगवान माधोराय से मिलन के पश्चात पूरे मेले के दौरान वे टारना मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। मेला संपन्न होने के बाद देवता टारना मंदिर से सीधे सेरी चानणी पहुंचकर भक्तों को दर्शन देंगे और फिर यजमानों के घरों में पारंपरिक मेहमाननवाजी निभाएंगे।
अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर मंडी में तैयारियां जोरों पर हैं और देव कमरुनाग के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं