गगरेट के बड़ोह में मकान में एक व्यक्ति की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत
गगरेट के बड़ोह में मकान में एक व्यक्ति की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत
गगरेट पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत हुई मौत का मामला दर्ज कर शव क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में शिनाख्त के लिए रख दिया है। अगले 48 घंटों के लिए शव यहीं रखा जाएगा ताकि इसके परिजनों के मिलने पर शव उनके हवाले किया जा सके। आपको बता दें मृतक का नाम बलवीर सिंह बताया जा रहा है लेकिन यह कहां का रहने वाला है और इसके वारिस कौन हैं इसका किसी को कुछ पता नहीं है। वह पिछले एक साल से स्थानीय निवासी सरवन कुमार के पुराने क्षतिग्रस्त घर में ही रह रहा था और मेहनत मजदूरी करके गुजर बसर कर रहा था। उसे मकान के अंदर ही मृत अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण करने पर पाया कि शरीर पर कोई चोट आदि के निशान भी नहीं है। हालांकि मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही चल पाएगा। मृतक के कमरे से भी ऐसा कोई शिनाख्ती कार्ड नहीं मिला है जिससे उसके स्थाई पते का पता चल सके। डीएसपी डा. वसुधा सूद ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखा गया है। जिसे अगले 48 घंटे तक शिनाख्त के लिए वहीं सुरक्षित रखा जाएगा। वारिसों की शिनाख्त होते ही शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मृतक के वारिसों के बारे में जानकारी मिलती है तो वह पुलिस थाना गगरेट में 01976240355 पर फोन कर दे सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं