31 मार्च तक पेमेंट जारी न होने पर ठेकेदारों में रोष, नेरचौक में किया प्रदर्शन
31 मार्च तक पेमेंट जारी न होने पर ठेकेदारों में रोष, नेरचौक में किया प्रदर्शन
मंडी : अजय सूर्या /
मंडी जिला के नेरचौक में ठेकेदारों में उस समय भारी रोष देखने को मिला जब 31 मार्च तक उनकी लंबित पेमेंट जारी नहीं की गई। बड़ी संख्या में ठेकेदार एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
ठेकेदारों का कहना है कि सरकार द्वारा पहले आश्वासन दिया गया था कि 31 मार्च तक सभी पेंडिंग बिलों का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन तय समय गुजर जाने के बावजूद अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ है। इस स्थिति से ठेकेदारों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदार पवन ठाकुर ने कहा कि ठेकेदार हमेशा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विकास कार्यों में सहयोग देते हैं। चाहे आईपीएच विभाग के काम हों, सड़क निर्माण हो या भवन निर्माण, हर क्षेत्र में ठेकेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उनके बिल समय पर जारी नहीं किए जा रहे, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में कई ठेकेदार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। बच्चों के स्कूलों के रिजल्ट आ चुके हैं और नई एडमिशन का समय है, वहीं कई परिवारों में शादियां भी तय हैं। ऐसे में पेमेंट न मिलने से ठेकेदारों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि ठेकेदार मनोहर लाल के घर में भी शादी है, लेकिन भुगतान अटका होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदारों ने सरकार से जल्द से जल्द लंबित भुगतान जारी करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें