डेरा बाबा नानक में फिरौती मांगने वाला गिरोह बेनकाब, 2 युवक हथियारों सहित गिरफ्तार
डेरा बाबा नानक में फिरौती मांगने वाला गिरोह बेनकाब, 2 युवक हथियारों सहित गिरफ्तार:
मेडिकल स्टोर मालिक से 5 लाख की मांग, विदेश में बैठे तत्व के कहने पर करनी थी फायरिंग
बटाला : अविनाश शर्मा /
बटाला पुलिस ने डेरा बाबा नानक क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर के मालिक से फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस लाइन बटाला में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एस.एस.पी डॉ. महताब सिंह ने बताया कि डी.जी.पी पंजाब गौरव यादव और डी.आई.जी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल के निर्देशों के तहत जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए गैंगस्टरों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 29 मार्च को डेरा बाबा नानक में एक मेडिकल स्टोर के मालिक को फोन कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस संबंध में थाना डेरा बाबा नानक में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के लिए एस.पी.डी संदीप वढेरा, डी.एस.पी जोगा सिंह, सी.आई.ए स्टाफ बटाला के इंचार्ज सुखराज सिंह और एस.एच.ओ अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सूचना मिली कि नोइस पुत्र नजीर मसीह निवासी पखोके टाहली साहिब और राजविंदर सिंह उर्फ राजा पुत्र भूपिंदर सिंह निवासी तरसिका (हाल निवासी पंडोरी वडैच, अमृतसर) मेडिकल स्टोर पर फायरिंग करने की योजना बना रहे हैं और उनके पास हथियार भी हैं।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विदेश में बैठे एक समाज विरोधी तत्व के निर्देश पर यह वारदात करने वाले थे और हथियार भी उसी ने उपलब्ध करवाए थे।
एस.एस.पी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है और आगे और खुलासे होने की उम्मीद है। इस मौके पर अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें