सुंदरनगर में बीएड बेरोजगार यूनियन की बैठक, भर्ती प्रक्रिया तेज करने की मांग
सुंदरनगर में बीएड बेरोजगार यूनियन की बैठक, भर्ती प्रक्रिया तेज करने की मांग मंडी : अजय सूर्या / हिमाचल प्रदेश बीएड बेरोजगार यूनियन की बैठक महादेव, सुंदरनगर में अध्यक्ष राजेश गौतम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें प्रदेशभर से आए युवाओं ने भाग लिया। यूनियन ने बताया कि प्रदेश में करीब 2.5 लाख बीएड बेरोजगार हैं और टीजीटी के लगभग 1375 पद रिक्त पड़े हैं। सरकार से हर वर्ष नियमित कमीशन व बैच वाइज भर्ती करने, टीजीटी हिंदी-संस्कृत के पद भरने और घोषित 5500 शिक्षकों की भर्ती में टीजीटी पद स्पष्ट करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही पीजीटी पदों को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से शीघ्र भरने और 50% बैच वाइज भर्ती लागू करने की भी मांग की गई। 45 वर्ष से अधिक आयु के अभ्यर्थियों के लिए बैच वाइज भर्ती को अंतिम अवसर बताया गया। यूनियन ने जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। मांगें न माने जाने पर शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी दी गई।