ग्रामीण बोले- अब डाक विभाग मुखर रहा अपने वादे से, ब्रांच खोलने से किया जा रहा इनकार
ग्रामीण बोले- अब डाक विभाग मुखर रहा अपने वादे से, ब्रांच खोलने से किया जा रहा इनकार
मंडी में डाक विभाग के अधिकारियों से मिलने के बाद ग्रामीणों ने दी चेतावनी
रिवालसर : अजय सूर्या /
कहा- जब तक ब्रांच ऑफिस नहीं खोलेंगे तब तक जारी रहेगा आंदोलन
लेदा में पोस्ट ऑफिस को शिफ्ट करने के विरोध में हैं गुरकोठा गांव के लोग
पिछले तीन दिनों से बंद पड़ा है गुरकोठा डाकघर, ग्रामीण झेल रहे परेशानी
बल्ह उपमंडल के तहत आने वाले गुरकोठा डाकघर को यहां से बदलने का मामला दिनों दिन तूल पकड़ता जा रहा है। तीन दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने आज मंडी में डाक विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर अपने वादे को पूरा करते हुए गुरकोठा में ब्रांच ऑफिस खोलने की मांग उठाई। अधिकारियों से मिलने के बाद ग्रामीणों ने बताया कि अब अधिकारी अपने वादे से मुखर रहे हैं। जमना ठाकुर ने बताया कि डाक विभाग के अधिकारियों ने पहले कहा था कि गुरकोठा में ब्रांच ऑफिस खोला जाएगा लेकिन अब अधिकारी इसे लंबी प्रक्रिया बताते हुए अपनी बात से मुखर रहे हैं। इन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जब तक गुरकोठा में ब्रांच ऑफिस नहीं खोला जाएगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा और यहां से डाकघर को शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा।
बता दें कि गुरकोठा डाकघर में पिछले तीन दिनों से ताला लटका हुआ है। विभाग के अधिकारी रविवार को सामान शिफ्ट करने आए थे लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते उन्हें खाली हाथ ही वापिस लौटना पड़ा था। उसके बाद किसी ने यहां आने की हिम्मत नहीं दिखाई है। ग्रामीण कमल कुमार और कोठी गुरकोठा पंचायत की पूर्व प्रधान रीना राठौर ने बताया कि इस डाकघर के साथ 6 पंचायतों की हजारों की आबादी जुड़ी हुई है। यदि डाकघर को बदला जाता है तो लोगों को अपने सभी दस्तावेजों को अपडेट करवाना पड़ेगा जिससे उनके धन और समय की बर्बादी होगी। यह डाकघर आजादी के पहले से यहां चल रहा है इसलिए यदि इसे बदलकर लेदा ले जाया जा रहा है तो यहां ब्रांच ऑफिस को बरकरार रखा जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें