विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर आज नगर परिषद चम्बा के हरदासपुरा वार्ड में जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर आज नगर परिषद चम्बा के हरदासपुरा वार्ड में जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
चम्बा : जितेन्द्र खन्ना /
उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने एकजुट होकर हरदासपुरा पार्क और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने कहा जब तक लोगों की सोच में बदलाव नहीं होगा तब तक इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाना संभव नहीं है। साफ- सफाई करना केवल सफाई कर्मियों की ही जिम्मेवारी नहीं है। देश को स्वच्छ रखने में हमें भी गन्दगी न फैलाकर सफाईकर्मियों का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहली बार पर्यावरण दिवस की शुरुआत वर्ष 1972 में हुई थी। इस दिन की नींव संयुक्त राष्ट्र संघ ने 5 जून 1972 को रखी थी। इसी के बाद से हर वर्ष लगातार 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। समय रहते यदि प्राकृतिक संतुलन को बरकरार रखने की दिशा में गंभीरता नहीं अपनाई गई तो आने वाले समय में मानवता को सुनामी, बाढ़ ,भीषण गर्मी, अधिक बारिश जैसी आपदाओं से जूझना पड़ सकता है। उपायुक्त ने प्लास्टिक कचरे के प्रदूषण को रोकने के लिए सभी का सहयोग भी मांगा। इस दौरान उपायुक्त ने पौधारोपण करके 1 पेड़ मां के नाम अभियान का आगाज किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिला चम्बा में वन विभाग के सहयोग से करीब 1 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इस मौके पर नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर, नगर परिषद उपाध्यक्ष सीमा कश्यप, पार्षद अंजू कुमारी, उर्मिला जसरोटिया सहित कई अन्य मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं