मनाली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने मनाया विभिन्न क्षेत्रों योग दिवस
मनाली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने मनाया विभिन्न क्षेत्रों योग दिवस
मनाली : ओम बौद्ध /
भारतीय जनता पार्टी मनाली और नगर मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम मनाली स्थित वन विहार, जगतसुख स्थित गायत्री माता मंदिर परिसर सहित विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर संपन्न हुए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, बल्कि आज यह संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन जीने की राह दिखा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रस्ताव रखा था, जिसे महज 90 दिनों के भीतर 177 देशों के समर्थन से पारित किया गया और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा हुई। आज यह दिवस विश्व के 190 से अधिक देशों में उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।
गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि “विकसित भारत की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है जब देश का प्रत्येक नागरिक शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ हो। प्रधानमंत्री मोदी जी का यह स्पष्ट संदेश है कि स्वस्थ भारत ही समृद्ध भारत का आधार बनेगा।”
उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य को साकार करने हेतु भारतीय जनता पार्टी मनाली मंडल ने विधानसभा क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे योग को अपने जीवन की दिनचर्या में शामिल करें और स्वयं भी स्वस्थ रहें, समाज को भी जागरूक करें।
कोई टिप्पणी नहीं