चम्बा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक में शहर की समस्याओं पर मंथन
चम्बा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक में शहर की समस्याओं पर मंथन
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चम्बा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक आज जिला मुख्यालय स्थित होटल इरावती में आयोजित की गई। एसोसिएशन के प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित हुई इस बैठक में शहर की ज्वलंत समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान एसोसिएशन ने मुख्य रूप से बच्चों के पार्क की बदहाली और मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए सरकार व प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं। एसोसिएशन ने चौगान नंबर 4 स्थित चिल्ड्रन पार्क की दयनीय स्थिति पर गहरा रोष प्रकट किया। सदस्यों ने कहा कि मिंजर मेले के दौरान हुई व्यावसायिक गतिविधियों के कारण पार्क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। पार्क में गड्ढे, उभरे पत्थर और लोहे के टुकड़े बच्चों के लिए हादसों को न्यौता दे रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि पार्क में फुल टाइम चौकीदार नियुक्त किया जाए, फव्वारे को दोबारा शुरू किया जाए और पूरे परिसर को व्यापारिक गतिविधियों से मुक्त रखा जाए।स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आकांक्षी जिला होने के बावजूद चम्बा का मेडिकल कॉलेज मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहा है। कॉलेज में विशेषज्ञों और पैरामेडिकल स्टाफ के लगभग 40 प्रतिशत पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से चम्बा में आधुनिक हृदय रोग केंद्र और कैंसर केयर सेंटर स्थापित करने की मांग भी की। इस अवसर पर ईश्वरी प्रसाद शर्मा, सुरेश कश्मीरी, निक्कू राम, चैन लाल शर्मा, उत्तम चंद धवन सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं