“सुलह में गरजा भाजपा का विजय शंखनाद, कांग्रेस का सफाया तय — विपिन परमार”
“सुलह में गरजा भाजपा का विजय शंखनाद, कांग्रेस का सफाया तय — विपिन परमार”
पालमपुर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने सुलह विधानसभा क्षेत्र के ज़िला परिषद सुलह वार्ड संख्या 29 एवं नौरा वार्ड संख्या 28 के भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब को भाजपा की ऐतिहासिक विजय का संकेत बताते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज सुलह की धरती पर जिस प्रकार जनता ने भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन और विश्वास प्रकट किया है, उससे स्पष्ट हो गया है कि आने वाले पंचायत एवं ज़िला परिषद चुनावों में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया तय है।
परमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ काम करने वाला संगठन है। सुलह और नौरा वार्ड के नामांकन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भाजपा के समर्थन में उमड़ा जनसमर्थन यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की झूठी गारंटियों और खोखले वादों से पूरी तरह ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जनता के विश्वास के साथ धोखा किया, युवाओं को बेरोजगारी दी, महिलाओं से किए वादों को भुला दिया और विकास कार्यों पर ताले लगाने का काम किया।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी देश को विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रवाद की नई ऊंचाइयों तक लेकर जा रही है। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक विजय इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने तुष्टिकरण और भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति को चुना है। असम और पुडुचेरी में मिली प्रचंड जीत ने यह सिद्ध कर दिया कि भाजपा ही देश की सबसे विश्वसनीय और मजबूत राजनीतिक शक्ति है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। कांग्रेस केवल झूठ, भ्रम और राजनीतिक स्वार्थ की राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सुलह विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी केवल चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए मैदान में उतरे हैं।
परमार ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर जनता को कांग्रेस की विफलताओं और भाजपा की उपलब्धियों से अवगत करवाए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल पंचायत या ज़िला परिषद का चुनाव नहीं, बल्कि विकास बनाम विनाश, राष्ट्रवाद बनाम परिवारवाद और सेवा बनाम स्वार्थ की लड़ाई है। जनता अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है और आने वाले चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेंगे।
उन्होंने सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती, जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। सुलह विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विजय रथ लगातार आगे बढ़ रहा है और कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व समाप्ति की ओर बढ़ चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से भाजपा एक बार फिर इतिहास रचेगी और विकास, राष्ट्रहित तथा जनसेवा का संकल्प और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें