दोहदी वार्ड में चुनाव बहिष्कार, अधिकांश उम्मीदवारों ने वापस लिए नामांकन
दोहदी वार्ड में चुनाव बहिष्कार, अधिकांश उम्मीदवारों ने वापस लिए नामांकन
मंडी : अजय सूर्या /
नगर निगम मंडी के अंतर्गत आने वाले दोहदी वार्ड में चुनावी प्रक्रिया को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वार्ड के लोगों द्वारा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिए जाने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय जनता के बहिष्कार के फैसले के मद्देनज़र भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों में से अधिकांश ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं।
हालांकि, कांग्रेस की एक उम्मीदवार अभी तक नामांकन वापस लेने नहीं पहुंची हैं, जबकि इसके लिए निर्धारित समय काफी हद तक बीत चुका है। इस पर विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह स्थिति पार्टी की कथनी और करनी में अंतर को दर्शाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी ने कमरूनाग जाने का बहाना बनाया, जबकि उन्हें नामांकन वापसी की अंतिम तिथि की पूरी जानकारी थी। विधायक ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उम्मीदवार को समय पर पहुंचकर अपना नामांकन वापस लेना चाहिए था।
दोहदी वार्ड में लोगों के चुनाव बहिष्कार के फैसले के चलते अब पूरे मामले पर प्रशासन और राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें