बैहना वार्ड में चुनाव रद्द, सभी उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया; पंचायत में वापसी की मांग तेज
बैहना वार्ड में चुनाव रद्द, सभी उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया; पंचायत में वापसी की मांग तेज
नेरचौक : अजय सूर्या /
नगर निगम मंडी के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण वार्ड बैहना में चुनावी प्रक्रिया अचानक थम गई है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वार्ड के सभी चारों उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए, जिसके चलते अब इस वार्ड में चुनाव नहीं होगा।
यह फैसला क्षेत्र के ग्रामीणों के लगातार दबाव के बाद लिया गया है। पिछले कई दिनों से गांव में बैठकों का दौर चल रहा था, जिसमें लोगों ने साफ तौर पर मांग रखी कि बैहना को नगर निगम से बाहर कर दोबारा पंचायत में शामिल किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2021 में जब बैहना को नगर निगम में शामिल किया गया था, तब भी इसका विरोध हुआ था। उस समय सरकार की ओर से टैक्स में राहत देने और भविष्य में क्षेत्र को निगम से बाहर करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस वार्ड से भाजपा के गुरबचन, कांग्रेस के धनदेव सिंह और निर्दलीय उम्मीदवार कृष्ण भानु व मनसा राम चुनाव मैदान में थे। सभी ने सामूहिक रूप से नामांकन वापस लेने का निर्णय लिया।
स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने इस घटनाक्रम को जनता की आवाज बताया। उन्होंने कहा कि बैहना के लोग पंचायत व्यवस्था में लौटना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर साढ़े तीन वर्षों में पंचायत गठन न कर पाने का आरोप भी लगाया और पूर्व मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाए।
फिलहाल, बैहना में चुनाव रद्द होने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार क्षेत्र की पंचायत में वापसी की मांग पर क्या फैसला लेती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें