मंडी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार हाइड्रा से टकराई, 3 युवकों की मौत, 2 घायल
मंडी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार हाइड्रा से टकराई, 3 युवकों की मौत, 2 घायल
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पुलिस थाना बल्ह क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से टकरा गई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एचपी 82-8322 नंबर की कार नेरचौक से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। कार में पांच युवक सवार थे और वाहन तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में अनिल कुमार (28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार (35) निवासी पलाही की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हरीश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद AIIMS बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें