पंचायत में पति-पत्नी की जोड़ी को जनता का भरपूर समर्थन, सुमन देवी प्रधान और राजकुमार उपप्रधान निर्वाचित
पंचायत में पति-पत्नी की जोड़ी को जनता का भरपूर समर्थन, सुमन देवी प्रधान और राजकुमार उपप्रधान निर्वाचित
नेरचौक : अजय सूर्या /
उपमंडल की ग्राम पंचायत बैरी में पंचायत चुनावों के परिणाम घोषित होते ही खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। पंचायत की जनता ने इस बार पति-पत्नी की जोड़ी पर भरोसा जताते हुए सुमन देवी को प्रधान और उनके पति राजकुमार को उपप्रधान पद पर विजयी बनाया है।
प्रधान पद के चुनाव में सुमन देवी ने 891 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की और ग्राम पंचायत बैरी की नई प्रधान चुनी गईं। वहीं उपप्रधान पद के लिए हुए चुनाव में राजकुमार ने 814 वोट प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ते हुए जीत अपने नाम की।
परिणाम घोषित होते ही पंचायत क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई और विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों ने पहुंचकर नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।
नवनिर्वाचित प्रधान सुमन देवी और उपप्रधान राजकुमार ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे बैरी पंचायत परिवार की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत के विकास कार्यों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंचायत में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही पंचायत के हर वर्ग को साथ लेकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जाएगा।
बैरी पंचायत में पति-पत्नी दोनों के एक साथ प्रधान और उपप्रधान चुने जाने को लेकर क्षेत्र में विशेष चर्चा बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता ने विकास और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर भरोसा जताया है। चुनाव परिणाम के बाद पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों को नई पंचायत से विकास की नई उम्मीदें हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें