विशाल दंगल के साथ संपन्न हुआ प्रसिद्ध माता मुरारी देवी का 3 दिवसीय मेला

 विशाल दंगल के साथ संपन्न हुआ प्रसिद्ध माता मुरारी देवी का 3 दिवसीय मेला

डीएफओ सुन्दरनगर राकेश कटोच ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर किया समापन


रिवालसर : अजय सूर्या /

 जिला मंडी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मुरारी धार में आयोजित माता मुरारी देवी का ऐतिहासिक तीन दिवसीय मेले का विशाल दंगल एवं भव्य समापन समारोह के साथ समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन हजारों श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। समापन समारोह में वन विभाग के डीएफओ सुन्दरनगर राकेश कटोच ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि बल्ह कांग्रेस ब्लॉक के अध्यक्ष अरुण ठाकुर व जेएमएम इंफ्राकॉन के एमडी व प्रसिद्ध समाजसेवी जयसिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुरारी देवी सेवा समिति द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का मुरारीधार पहुंचने पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और देव परंपरा के अनुसार जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राकेश कटोच ने माता मुरारी देवी मंदिर में संध्याकाल की आरती में भाग लिया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर मेले का समापन करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले के दौरान आयोजित विशाल दंगल आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से लगभग 500 पहलवानों ने भाग लिया। बड़ी माली का रोमांचक मुकाबला ध्वाल के सिद्धार्थ पहलवान और दिल्ली के नरेश पहलवान के बीच हुआ, जिसमें ध्वाल के पहलवान सिद्धार्थ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विजेता सिद्धार्थ पहलवान को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं गुर्ज देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता नरेश पहलवान को 19 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

वहीं छोटी माली में हिमाचल कुमार के लिए ध्वाल के पहलवान विशाल जसवाल और डडोर के शौर्यवीर यादव के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें डडोर के शौर्यवीर विजेता रहे। विजेता को गुर्ज के साथ 11 हजार रुपये और उपविजेता को 9 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। दंगल में मुख्य रेफरी डॉ. संजय यादव एवं सहयोगी की भूमिका पवन रावत एवं मुकेश शर्मा ने निभाई। दंगल के दौरान पहलवानों ने अपने दांव-पेच और शानदार कुश्ती कौशल से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

मेले में तीनों दिनों तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। स्थानीय कलाकारों में श्रवण म्युज़िकल ग्रुप और महिला मंडलों ने सुंदर रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। श्रद्धालुओं ने माता मुरारी देवी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि राकेश कटोच ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण मेलों और दंगलों से हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खेलों को नई पहचान मिलती है। उन्होंने मेला समिति द्वारा किए गए भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर वन विभाग के तमाम अधिकारियों के साथ साथ अन्य विभागों के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। माता मुरारी देवी सेवा समिति के प्रधान बुजलाल ठाकुर एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने मेले को सफल बनाने में सहयोग करने पर प्रशासन, पुलिस विभाग, स्थानीय मीडिया, मेले में आये पहलवानों एवं व्यापारियों सहित क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ज्वाली के हार, नाणा, बालदोआ सड़क 10 से 23 अक्टूबर तक रहेगी बंद, जानें वैकल्पिक रूट

जौंटा व खज्जियां के युवकों से 10.47 ग्राम चिट्टा हुआ बरामद, सीट के फुट मैट के नीचे छिपाया था

​राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ की छात्रा अंशिका धीमान ने जिला स्तरीय 3000 मीटर दौड़ में जीता कांस्य पदक !

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के PSO रहे बलवंत पठानिया का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

क्षेत्र में 6 दिन हुई भूख हड़ताल के समापन पर अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघ के निदेशक राजेश सिंह पठानिया ने उठाए अनेको सवाल

जिला पुलिस नूरपुर की एक टीम ने अपनी बुद्धिमत्ता से 48 घंटे में चोरी का मामला सुलझाया गया

गुरुकुल में अंडरग्राउंड पानी की टंकी की सफ़ाई के दौरान चार बच्चों की मौत

मिनी सचिवालय फतेहपुर में खुली कैंटीन, बाजार से कम दाम पर मिलेगा ब्रेकफास्ट और लंच

ढही चार मंजिला इमारत, मलबे में दबी गर्भवती महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम

बल्ह कांग्रेस ने आउटसोर्स कर्मचारियों से की मुलाकात, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा