“₹1500 का झूठ और ‘टैलेंट हंट’ का ढोंग—महिलाओं को फिर गुमराह कर रही कांग्रेस”-विपिन सिंह परमार
“₹1500 का झूठ और ‘टैलेंट हंट’ का ढोंग—महिलाओं को फिर गुमराह कर रही कांग्रेस”-विपिन सिंह परमार
पालमपुर
हिमाचल प्रदेश में महिला कांग्रेस द्वारा तथाकथित “टैलेंट हंट कार्यक्रम” शुरू करने की घोषणा पर सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार ने तीखा प्रहार करते हुए इसे “जनता का ध्यान भटकाने का एक सस्ता राजनीतिक ड्रामा” करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने प्रदेश की भोली-भाली महिलाओं से खुलेआम झूठ बोलकर सत्ता हासिल की, आज वही पार्टी महिलाओं के नाम पर कार्यक्रमों का दिखावा कर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा आज हिमाचल में महिलाओं के सशक्तिकरण की बातें कर रही हैं, लेकिन प्रदेश की महिलाएं अच्छी तरह जानती हैं कि यही वो नेता हैं जिन्होंने चुनाव से पहले हर महिला को ₹1500 प्रतिमाह देने का बड़ा वादा किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि आज तक न तो वह ₹1500 महिलाओं के खाते में पहुंचे और न ही महिलाओं के उत्थान के लिए कोई ठोस योजना धरातल पर दिखाई दी। यह सीधा-सीधा महिलाओं के साथ विश्वासघात है, जिसे प्रदेश की मातृशक्ति कभी माफ नहीं करेगी।
परमार ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल झूठे वादों और खोखले नारों पर टिकी हुई है। चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे करना और सत्ता में आते ही उन वादों को भूल जाना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला कांग्रेस का यह टैलेंट हंट कार्यक्रम असल में महिलाओं के मुद्दों से ध्यान हटाने का एक प्रयास है, ताकि जनता कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर सवाल न उठा सके।
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को वास्तव में महिलाओं की चिंता होती, तो सबसे पहले अपने किए गए वादों को पूरा करती। प्रदेश की महिलाएं आज भी ₹1500 की उस गारंटी का इंतजार कर रही हैं, जिसे बड़े जोर-शोर से चुनावी मंचों पर प्रचारित किया गया था। लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को केवल छलने का काम किया है।
विपिन सिंह परमार ने आगे कहा कि आज प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था चरम पर है, लेकिन कांग्रेस सरकार के पास इन समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। ऐसे में “टैलेंट हंट” जैसे कार्यक्रम केवल दिखावा हैं, जिनका जमीन से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पहले अपने वादों का “टैलेंट” दिखाए, फिर जनता को कार्यक्रमों का तमाशा दिखाए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और केंद्र सरकार की कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है। इसके विपरीत, कांग्रेस केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रह गई है।
विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की महिलाओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इस दिखावटी कार्यक्रम के झांसे में न आएं और उनकी कथनी और करनी के अंतर को समझें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता कांग्रेस को उसके झूठे वादों और धोखे का करारा जवाब देगी।
“महिलाओं के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस को अब जनता आईना दिखाएगी, क्योंकि सच्चाई छुप नहीं सकती और झूठ ज्यादा दिन टिक नहीं सकता।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें