उपायुक्त किरण भड़ाना ने की धरती आभा जनजातीय अभियान की समीक्षा
उपायुक्त किरण भड़ाना ने की धरती आभा जनजातीय अभियान की समीक्षा
केलांग : ओम बौद्ध /
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत धरती आभा जनजातीय अभियान के सफल आयोजन के उपरांत आज उपायुक्त किरण भड़ाना (भा.प्र.से) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार में संपन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि बीते 15 दिनों तक चले इस विशेष जागरूकता अभियान के तहत जिले के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों में कुल पाँच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से स्थानीय जनजातीय समुदाय को उनके अधिकारों, पारंपरिक ज्ञान, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, सतत विकास, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैठक में जिला प्रशासन, जनजातीय विभाग, आईटीडीपी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने दूर दराज क्षेत्रों में आयोजित इन शिविरों की कार्यप्रणाली, जनसहभागिता, समस्याओं और फीडबैक को उपायुक्त के साथ साझा किया।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने अभियान के सफल क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि, इस तरह के अभियान न केवल हमारे जनजातीय समुदाय के लोगों को जागरूक बनाते हैं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए भी एक मजबूत मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आगामी समय में इस प्रकार के अभियानों को और अधिक सुदृढ़ और व्यापक रूप में क्रियान्वित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थी तक जानकारी पहुँच सके।
एकीकृत जनजातीय परियोजना अधिकारी लाहौल आकांक्षा शर्मा बताया पांच शिविरों के माध्यम से आयुष विभाग द्वारा 216, बागवानी विभाग द्वारा 295, खाद्य नागरिक विभाग द्वारा 150, कृषि विभाग द्वारा 295, स्वस्थ्य विभाग द्वारा 152, पशुपालन विभाग द्वारा 148 लोगों को अपने अपने विभाग की योजनाओं और सेवाओं से लाभाविंत किया और इन शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा मौके पर ही 47 विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र आमजनता के बनाए गए। शिविरों के दौरान 56 आधार कार्ड भी अपडेट किये गये।
अंत में उपायुक्त ने अभियान में योगदान देने वाले सभी विभागों और स्थानीय जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय की सशक्त भागीदारी से ही विकास की वास्तविक परिकल्पना साकार हो सकती है।
इस दौरान एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, खंण्ड विकास अधिकारी डा. विवके गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं