मंडी व्यवस्था को सुदृढ़ कर किसानों को सशक्त बना रही प्रदेश सरकार: कृषि मंत्री चन्द्र कुमार
मंडी व्यवस्था को सुदृढ़ कर किसानों को सशक्त बना रही प्रदेश सरकार: कृषि मंत्री चन्द्र कुमार
जसूर में 1.35 करोड़ से बना किसान विश्राम गृह,कृषि मंत्री ने किया लोकार्पण
जसूर कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज उपमंडल नूरपुर के जसूर स्थित उप मंडी यार्ड में नवनिर्मित किसान विश्राम गृह का विधिवत लोकार्पण किया। लगभग 1.35 करोड़ रुपये की लागत से बने इस विश्राम गृह में 9 कमरे, 2 वीआईपी सैट, 12 बेड की डॉरमेट्री तथा एक कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह विश्राम गृह जसूर जैसी व्यस्त उपमंडी में आने वाले किसानों और व्यापारियों को रुकने की बेहतर सुविधा प्रदान करेगा, विशेषकर दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले किसानों को इससे राहत मिलेगी।
प्रो. चन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में मंडी समिति कांगड़ा के अंतर्गत कांगड़ा के अलावा पालमपुर, बैजनाथ, जयसिंहपुर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला, ज्वालामुखी, गुलेर, ज्वाली, जसूर और धरमाण में उपमंडियाँ संचालित हैं। इसके अतिरिक्त फतेहपुर, गंगथ और रियाली में तीन अनाज मंडियाँ भी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में इन मंडियों में 4,05,305 क्विंटल फल एवं सब्जियों की आवक दर्ज हुई। इसके अलावा 1,738 किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1,34,626 क्विंटल धान तथा 12,795 क्विंटल गेहूं बेचा है।
कृषि मंत्री ने बताया कि मंडी समिति कांगड़ा के अंतर्गत 442 व्यापारी पंजीकृत हैं। मंडी समिति कांगड़ा में राष्ट्रीय कृषि बाजार के अंतर्गत 8,444 किसान पंजीकृत हैं जिन्होंने राष्ट्रीय कृषि बाजार पोर्टल के माध्यम से 6.98 करोड़ रुपये का फल व सब्जियों का व्यापार किया है। उन्होंने बताया कि मंडी समिति कांगड़ा के अंतर्गत कांगड़ा, पालमपुर, बैजनाथ, धर्मशाला और जसूर को राष्ट्रीय कृषि बाजार से जोड़ा गया है, जिससे किसानों को पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धात्मक मूल्य मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि उपज मंडियां किसानों के लिए केवल व्यापार का माध्यम नहीं, बल्कि उनकी आर्थिक सुरक्षा और बाजार तक पहुंच का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इसीलिए राज्य सरकार मंडी नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और राज्य सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर ही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसान हितैषी सुविधाओं का निरंतर विस्तार सुनिश्चित किया जाए।
इससे पहले, कृषि उपज मंडी समिति कांगड़ा के अध्यक्ष चौधरी नरेंद्र कुमार ने कृषि मंत्री को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एसडीएम गुरसिमर सिंह,वन निगम के निदेशक योगेश महाजन,संयुक्त निदेशक कृषि राहुल कटोच,कृषि उपज मंडी समिति कांगड़ा के सचिव दीक्षित जरयाल ,एसएमएस शैलेश सूद, मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ अशोक शर्मा,सुपरिडेंट जेपी शर्मा,जेई सुनील कुमार,कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी,सुदर्शन शर्मा,पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मिंटू,जसूर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू महाजन,ज्वाली नगर पंचायत के अध्यक्ष राजेंद्र राजू,किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष विवेक लक्की सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं