देश को मोदी के काम करने की गारंटी पर भरोसा। - Smachar

Header Ads

Breaking News

देश को मोदी के काम करने की गारंटी पर भरोसा।

 देश को मोदी के काम करने की गारंटी पर भरोसा। 


भारतीय जनता पार्टी सुलह मंडल ने कुछ ही दिन दूर देश के आम चुनावों की तैयारियों के लिए कमर कस ली है। डरोह में हुए सुलह विधानसभा क्षेत्र के महिला मोर्चा सम्मेलन में सुलह हलके के कोने कोने से आई महिलाओं की भारी भीड़ जुटा कर पार्टी ने मोदी जी को देश का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए रोड़ मैप बना लिया है। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में लोगों के बीच पहुंची राज्यसभा सांसद और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री इंदु गोस्वामी ने अपने भाषण में महिलाओं को मोदी जी के नेतृत्व में सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव लाने वाले कदमों की जानकारी दी। इंदु गोस्वामी ने कहा कि मोदी जी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की मातृशक्ति के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाईं और उन्हें धरातल पर उतारा। देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाली डिजिटल क्रांति में महिलाओं की भागीदारी और महिला आरक्षण से राजनीति के क्षेत्र में महिलाओं को उचित सम्मान दिलवाने वाले कदमों से देश की मातृशक्ति के मन में मोदी जी के प्रति विश्वास को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में विश्व में भारत की विशिष्ट छवि बनी है और पूरे विश्व ने भारत को कई समस्याओं के समाधान के लिए एक नेता के रूप में पहचानना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी के नेतृत्व में देश की दशकों पुरानी समस्याओं का समाधान करके देश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है जिससे देश के नागरिकों के मन में राजनीतिक और प्रशासनिक संस्थानों प्रति भरोसा जगा है। अब देश में झूठी गारंटियों और झूठे वादों से हट कर मोदी जी की काम करके दिखाने की गारंटी पर भरोसे का वातावरण बना है। उन्होंने नारीशक्ति से पूरे देश को अपना परिवार समझने और देश हित में काम कर वाले मोदी जी को अपनाने वहीं सिर्फ अपने परिवार के कुछ लोगों के हित में काम करने वाली पार्टियों के नेताओं के बहकावे में न आने का आह्वान किया। इंदू गोस्वामी ने लोगों से डाक्टर राजीव भारद्वाज को रिकार्ड मतों से जितवाकर लोकसभा में भेजने का आग्रह किया। 

सम्मेलन में उमड़ी नारीशक्ति को संबोधित करते हुए सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय नारी किसी भी काम में पुरुषों से पीछे नहीं है। घर चलाने से लेकर लड़ाकू जहाज उड़ाने तक भारतीय नारी हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी को निभाने में सक्षम है। प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा एक तरफ तो भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी नारी सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं बना कर उनको धरातल पर उतार रहे हैं वहीं वर्तमान प्रदेश सरकार ने 1500 रुपए देने के नाम पर महिलाओं को ठगने का काम किया है। इस सरकार के अपने ही विधायक अपनी सरकार की झूठी गारंटियों को पूरा न होते देख ठगा हुआ महसूस कर रहे थे। परमार ने कहा कि प्रदेश में उपचुनावों के बाद कांग्रेस सरकार का जाना तय है। इस कार्यक्रम में डाक्टर भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजली अर्पण करने के बाद परमार ने कहा कि डाक्टर भीमराव अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चल कर भारतीय जनता पार्टी की सरकारें समावेशी समाज का निर्माण करने के लिए कई कदम उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि आज भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के चुनावों के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया है और इसमें "ज्ञान" यानी गरीब, अन्नदाता, युवा और नारी सशक्तिकरण को थीम के रूप में अपनाया है। नारी उत्थान के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं तथा भविष्य में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक तौर पर मजबूत करने के लिए अनेक घोषणाएं को पूरा करने का संकल्प इस संकल्प पत्र के माध्यम से पार्टी ने लिया है।

इस सम्मेलन में जिला की महिला मोर्चा अध्यक्षा रागिनी रकवाल, मण्डल की अध्यक्षा मोनिका राणा, अनीता चौधरी, सोनिया बंटा सहित अन्य महिला नेत्रियां तथा मण्डल के अध्यक्ष देशराज शर्मा, हंसराज चौधरी, मनदीप अवस्थी आदि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं