फोरलेन पर खतरे की घंटी: जागर नाला के पास सुरक्षा दीवार गिरी, कई घरों पर संकट
फोरलेन पर खतरे की घंटी: जागर नाला के पास सुरक्षा दीवार गिरी, कई घरों पर संकट मण्डी : अजय सूर्या / मंडी-पंडोह फोरलेन पर जागर नाला के समीप बुधवार सुबह करीब 10 बजे सड़क किनारे बनी रिटेनिंग वॉल (डंगा) ढह गई। इस घटना में सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा भी प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियात बरतते हुए इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही एकतरफा कर दी है। जानकारी के अनुसार यह दीवार फोरलेन निर्माण कार्य के तहत हाल ही में तैयार की गई थी। ऐसे में बरसात से पहले ही इसका गिर जाना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है और दोबारा निर्माण के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी। घटना के बाद आसपास की अन्य दीवारों में भी दरारें देखी गई हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। सड़क के किनारे रहने वाले लोगो के घरों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।...