नूरपुर पुलिस का 'नशा माफिया' पर सर्जिकल स्ट्राइक: 24 घंटे में 7 तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चरस, चिट्टा और नकदी बरामद
नूरपुर पुलिस का 'नशा माफिया' पर सर्जिकल स्ट्राइक: 24 घंटे में 7 तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चरस, चिट्टा और नकदी बरामद
नूरपुर : विनय महाजन /
हिमाचल प्रदेश सरकार के 'नशामुक्त हिमाचल' अभियान को गति देते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने पिछले 24 घंटों में नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और नाकाबंदी के दौरान भारी मात्रा में चरस, चिट्टा (हेरोइन) और 1 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इस दौरान 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में प्रयुक्त 2 कारें, 1 बाइक और 1 स्कूटी भी जब्त की गई है।
1. कंडवाल में 1 किलो से अधिक चरस के साथ कुल्लू का ढाबा संचालक काबू
नूरपुर पुलिस टीम ने कंडवाल चौकी के पास नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार (HP-25C-6008) को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो 256 ग्राम चरस और 1,00,000/- रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपी की पहचान राम कुमार (52), निवासी कुमारसैन (शिमला) के रूप में हुई है, जो कुल्लू में ढाबा चलाता है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है; वह पहले भी पुलिस की रडार पर था।
2. सी.आई.ए. टीम ने स्कूटी सवार को चिट्टे के साथ दबोचा
सी.आई.ए. नूरपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इंदौरा के गांव समल के पास छापेमारी की। यहाँ स्कूटी सवार नरेश कुमार निवासी नागड़वाँ से 11.87 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना डमटाल में मामला दर्ज किया गया है।
3. अंतरराज्यीय चिट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, आल्टो कार जब्त
थाना इंदौरा के तहत चंगराड़ा में नाकाबंदी के दौरान एक आल्टो कार (HP-38G-3964) से 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कमलदीप उर्फ टिम्मी और जितेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी कमलदीप पंजाब और जम्मू से नशे की सप्लाई का अंतरराज्यीय नेटवर्क चला रहा था और उस पर पहले भी 3 मामले दर्ज हैं।
4. फतेहपुर में बाइक सवार 'कोबरा' समेत तीन गिरफ्तार
थाना फतेहपुर पुलिस ने 52 गेट (टोल बैरियर) के पास गश्त के दौरान बाइक सवार तीन युवकों—हैप्पी, नितिश चौधरी और नीरज कुमार उर्फ कोबरा को 06.34 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी नीरज उर्फ कोबरा एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं और उसके अवैध निर्माण पर भी पूर्व में प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है।
"पुलिस सभी आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि नशे की जड़ तक पहुँचा जा सके। इसके साथ ही आरोपियों की संपत्ति और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच (Financial Investigation) की जा रही है। नशे के खिलाफ यह सख्त अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।"
— पुलिस प्रशासन, नूरपुर
जब्त वाहन:
01 क्रेटा कार
01 आल्टो कार
01 स्प्लेंडर बाइक
01 एक्टिवा स्कूटी

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें