पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर भारी भूस्खलन, मार्ग पूरी तरह बंद — लोग जान जोखिम में डालकर रावी पार करने को मजबूर
पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर भारी भूस्खलन, मार्ग पूरी तरह बंद — लोग जान जोखिम में डालकर रावी पार करने को मजबूर
पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर बत्ती हटी से आगे देर रात भारी लैंडस्लाइड होने के चलते मार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए बंद हो गया है। यह भूस्खलन रात करीब 2 बजे के बाद हुआ, जिसके कारण सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं।
सड़क बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी आम लोगों और यात्रियों को झेलनी पड़ रही है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग मजबूरी में अपनी जान जोखिम में डालकर रावी नदी को पार कर आर-पार जाने को विवश हैं। मौसम की खराबी और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग नदी के तेज बहाव के बीच से गुजर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मौके पर न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचा है और न ही सड़क बहाली का कार्य शुरू हो पाया है। इससे लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने और फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें