विधायक किशोरी लाल ने बीड़ तथा करनार्थु में 50 लाख रुपए की लागत के भेड़ स्नानागार टैंकों का किया शिलान्यास
विधायक किशोरी लाल ने बीड़ तथा करनार्थु में 50 लाख रुपए की लागत के भेड़ स्नानागार टैंकों का किया शिलान्यास
बैजनाथ
विधायक किशोरी लाल ने आज पशुपालन विभाग के द्वारा 50 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकासात्मक कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने बीड़ में 30 लाख रुपए से तथा करनार्थु में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले आधुनिक भेड़ स्नानागार टैंकों के शिलान्यास किए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में भेड़ पालन आजीविका का एक प्रमुख साधन है और ऐसे में भेड़ों के स्वास्थ्य की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक हो जाती है। उन्होंने बताया कि इन स्नानागार टैंकों के माध्यम से भेड़ों में होने वाले बाह्य परजीवी संक्रमणों की प्रभावी रोकथाम संभव होगी। इससे न केवल पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा बल्कि उनकी उत्पादकता में भी वृद्धि होगी विशेष रूप से ऊन की गुणवत्ता और मात्रा दोनों में सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आधारभूत सुविधाओं के निर्माण से पशुपालकों की निर्भरता आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धतियों की ओर बढ़ेगी जिससे पशुपालन को एक संगठित और लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना और किसानों एवं पशुपालकों की आय को दोगुना करने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
विधायक ने प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पशुपालन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में पशुपालकों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें उन्नत नस्ल के पशुओं का वितरण, निःशुल्क एवं समयबद्ध टीकाकरण, पशु स्वास्थ्य शिविर, पशुपालकों के लिए प्रशिक्षण शिविर तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध करवाना शामिल है।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक कार्य निरंतर प्रगतिशील हैं। क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाओं के विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन, शैक्षणिक संस्थानों के विकास तथा पशुपालन एवं कृषि से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की किरण पहुंचाना उनका संकल्प है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भेड़ कीटनाशक स्नानागार के निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए ताकि पशुपालकों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे इन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और पशुपालन को एक सशक्त आर्थिक गतिविधि के रूप में अपनाएं।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुमन कुमारी, सहायक निदेशक पशु उत्पादन डॉ संजीव कटोच, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सुषमा राणा, रेंजर वन अधिकारी अंजना, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण अजय सूद, डॉ कुमारी, डॉ सुनील कपूर, डॉ शालमिनी, डॉ अंकित कुमार, डॉ प्रांशु, डॉ रोहित मनकोटिया, धनीराम ठाकुर, कपिल शर्मा, सुरेश, गोपाल अवरोल, सतीश अवरोल, नाग भंगालिया, सचिन अवरोल, विवेक भट्ट, हरि राम, सुमित सोनी, सुभाष, संतोष, मेहर तथा इंद्र सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें