चम्बा में अपहरण मामले को लेकर ग्रामीणों का धरना, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
चम्बा में अपहरण मामले को लेकर ग्रामीणों का धरना, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चम्बा जिले के उपमंडल चुराह के अंतर्गत ग्राम पंचायत भावला के ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी बेटी के अपहरण को लेकर न्याय की गुहार लगा रहे पीड़ित माता-पिता और ग्रामीणों ने आज उपायुक्त कार्यालय चम्बा के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे अधिवक्ता जय सिंह ने बताया कि लगभग एक महीने पहले महिला पुलिस थाना चम्बा में थडियाडू गांव की एक लड़की के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ अज्ञात लोग उनकी बेटी को अगवा कर ले गए हैं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को उन संदिग्धों के नाम और पते भी उपलब्ध करा दिए हैं जिन्होंने कथित तौर पर अपहरण किया है। हालांकि, शिकायत दर्ज होने और आरोपियों की पहचान होने के बावजूद एक महीने बीत जाने पर भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब वे इस संबंध में पुलिस अधिकारियों और एसपी चम्बा से मिलने जाते हैं, तो उन्हें कथित तौर पर यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि आप घर जाकर बैठें, जब लड़की वापस आ जाएगी तो हमें सूचित कर देना। पुलिस के इस जवाब से ग्रामीणों में भारी रोष है। प्रदर्शनकारियों ने आज उपायुक्त चम्बा को एक ज्ञापन भी सौंपा और स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और लड़की को बरामद नहीं किया गया, तो चम्बा में चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए शासन और प्रशासन जिम्मेदार होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें