मंडी में भीषण अग्निकांड: दुकान जलकर राख, अवैध पार्किंग बनी बड़ी वजह
मंडी में भीषण अग्निकांड: दुकान जलकर राख, अवैध पार्किंग बनी बड़ी वजह
मंडी : अजय सूर्या /
शहर के भगवान मोहल्ला में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक पर्स की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना स्थानीय दुकानदार हरीश की दुकान में हुई। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सुबह का समय होने के बावजूद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान इसकी चपेट में आ गया।
घटना के समय दुकान के ऊपर वाली मंजिल में हरीश के सास-ससुर मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पोस्ट ऑफिस रोड पर अवैध पार्किंग के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब 20 मिनट तक जाम में फंसी रही। इस देरी के चलते आग को और फैलने का मौका मिला। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से रास्ता साफ किया गया, तब जाकर दमकल की टीम घटनास्थल तक पहुंच पाई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी और भारी आर्थिक नुकसान हो चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती, तो आग को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित किया जा सकता था। उन्होंने इस घटना के लिए अवैध पार्किंग को मुख्य कारण बताया।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें