पलाख में 5 लाख के स्टेडियम का उद्घाटन, विधायक मलेंद्र राजन ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का दिया संदेश
पलाख में 5 लाख के स्टेडियम का उद्घाटन, विधायक मलेंद्र राजन ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का दिया संदेश
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर हिमाचल प्रदेश इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने आज ग्राम पंचायत पलाख में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं, इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत हैl विधायक मलेंद्र राजन ने इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़कों के सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। घडरां–मौकी–रेहन सड़क का निर्माण लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और आवागमन सुगम बनेगा। उन्होंने बताया कि मौकी में लगभग 10.5 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत सबस्टेशन का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस सबस्टेशन के बनकर तैयार होने से आसपास के क्षेत्रों में बार-बार होने वाली बिजली कटौती, ट्रिपिंग और तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।इसके उपरांत विधायक ने गोस्वामी गुरु नाभा दास के 490वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने गुरु जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचार समाज को एकता, सेवा और सद्भावना का संदेश देते हैं। उन्होंने नाभा दास कमेटी द्वारा स्टोर निर्माण की मांग को भी उचित बताते हुए आश्वासन दिया कि इसके लिए भी शीघ्र ही धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें