पंचायत खब्बल में फ्लाई पीर बाबा मेले का समापन
पंचायत खब्बल में फ्लाई पीर बाबा मेले का समापन
नगरोटा सूरियां : प्रेम स्वरूप शर्मा /
नजदीकी पंचायत खब्बल में फ्लाई पीर बाबा मेले का सोमवार को समापन हो गया। 05 व 06 अप्रैल को आयोजित मेले में रविवार को कुश्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कुश्तियों में दूसरे राज्यों से सौ से भी ज्यादा पहलवानों ने अपने दांव पेंचों से एक दूसरे को पछाड़ने की खूब मशक्कत की। ईरान देश से हमीद पहलवान ने भी कुश्ती में पहुँच कर दर्शकों को अपने दांव पेंच से आखाड़े का आकर्षण बढ़ा दिया। मेले के दंगल में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय गुलेरिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर पहलवानों को नगदी के साथ बलटोही इनाम देकर सम्मानित किया।
मेले की बड़ी माली की कुश्ती इरान के पहलवान हमीद ने कुहाली के पहलवान साहिल को पछड़ कर अपने नाम कर ली। बड़ी माली का इनाम एक लाख 25 हज़ार रुपये नगद व दो बलटोही रखा गया था। जीतने वाले को 65 हज़ार रुपये नगद व एक बलटोही तथा हारने वाले को 60 हज़ार नगद व एक बलटोही इनाम दिया गया। मेले के दूसरे दिन सोमवार को महिलाओं ने मेले में जम कर खरीददारी की। पहले दिन मेले में फसल की कटाई के दराती आदि औजार भी बेचे जाते हैं और दूर दूर से लोग इन औजारों को खरीदने के लिए आते हैं।
मेले में दोनों दिन शांति बनाए रखने व कुश्तियों के सफल आयोजन के लिए ब्लॉक नगरोटा सूरियां पंचायत समिति पूर्व उपाध्यक्ष एवं मेला कमेटी संयोजक धीरज अत्री ने मेला कमेटी की ओर से पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों व पहलवानो के सहयोग के लिए धन्यवाद किया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें