पेंशनरों का सरकार पर वार, “हक नहीं मिला तो होगा आंदोलन”
पेंशनरों का सरकार पर वार, “हक नहीं मिला तो होगा आंदोलन”
मण्डी : अजय सूर्या /
पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन जिला मंडी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि पेंशनरों के वित्तीय भत्ते तुरंत जारी नहीं किए गए तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एसोसिएशन ने दो टूक कहा कि सरकार यह गलतफहमी न पाले कि पेंशनर विभाजित हैं—पेंशनर पूरी तरह एकजुट हैं और अपने अधिकार लेकर ही रहेंगे।
जिला प्रधान हरीश शर्मा ने बुधवार दोपहर 1 बजे मंडी में आयोजित बैठक के दौरान तीखा बयान देते हुए कहा कि 17 दिसंबर को बिलासपुर में मुख्यमंत्री ने जो आश्वासन दिया था, वह आज तक जमीन पर नहीं उतरा। उन्होंने कहा कि बार-बार झूठे आश्वासन देकर पेंशनरों को गुमराह किया जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेंशनरों के वित्तीय भत्ते कोई खैरात नहीं, बल्कि उनका हक हैं, और सरकार को इन्हें तुरंत जारी करना होगा। यदि सरकार ने अब भी देरी की, तो पेंशनर सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने एक सुर में कहा कि अब “आश्वासन नहीं, समाधान” चाहिए। पेंशनरों ने सरकार को आखिरी मौका देते हुए कहा कि यदि जल्द फैसले नहीं लिए गए, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें