रिवालसर में सड़क निर्माण से व्यापार प्रभावित, आंदोलन की चेतावनी
रिवालसर में सड़क निर्माण से व्यापार प्रभावित, आंदोलन की चेतावनी
रिवालसर : अजय सूर्या /
धार्मिक एवं पर्यटन नगरी रिवालसर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बिगड़ी सड़कों और धीमी कार्यप्रगति के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या में भारी गिरावट आई है, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
व्यापार मंडल रिवालसर के प्रधान नरेश शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सड़क निर्माण शुरू होने के बाद से बाहरी पर्यटकों की आवाजाही कम हो गई है। इसका सबसे ज्यादा असर होटल व्यवसायियों और दुकानदारों पर पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे, तो व्यापारी धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
वहीं, ग्राम पंचायत सरधवार के पूर्व प्रधान पवन ठाकुर ने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कार्य के दौरान लोगों को गुमराह किया गया और पंचायत के करीब 5-6 रास्ते बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि 8-10 दिनों में सुधार न होने पर ग्रामीण सड़क जाम और ठेकेदार का घेराव करेंगे।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन व लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और आवागमन सामान्य हो।
इस बीच, रिवालसर होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता राज कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग ने 12 जून 2024 को पीएमयू, एचपीआरआइडीसी को करीब 3.99 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि जलापूर्ति व्यवस्था बदलने के लिए भेजी थी, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी कोई लिखित जवाब नहीं मिला है। इससे क्षेत्र के चार वार्डों में सीवरेज व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वहीं, पीएमयू एचपीआरआइडीसी के सहायक अभियंता टशी गयामछो ने प्रस्तावित राशि को अधिक बताते हुए कहा कि 63 लाख रुपये पहले ही विभाग को दिए जा चुके हैं। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय में आपसी समन्वय से समाधान निकालने की अपील की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें