भोडास गांव के ग्रामीणों का चम्बा में प्रदर्शन, मुआवजे में देरी पर फूटा गुस्सा
भोडास गांव के ग्रामीणों का चम्बा में प्रदर्शन, मुआवजे में देरी पर फूटा गुस्सा
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चम्बा जिले के उपमंडल चुराह के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मंगली के गांव भोडास के ग्रामीणों ने आज जिला मुख्यालय चम्बा में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता जय सिंह की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगस्त 2025 में आई प्राकृतिक आपदा के बाद से वे आज तक मुआवजे के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। अगस्त 2025 में हुई भारी वर्षा और प्राकृतिक आपदा के कारण भोडास गांव में भारी तबाही हुई थी। भूस्खलन और पेड़ों के गिरने के कारण कई ग्रामीणों के रिहायशी मकानों को भारी क्षति पहुंची, जिससे वे रहने लायक नहीं बचे हैं। प्रभावित परिवारों में कुलदीप, बलदेव, भागीरथ, प्रभु दयाल, परसोत्तम और मनोरथ शामिल हैं, जो अत्यंत गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं। अधिवक्ता जय सिंह और ग्रामीणों ने प्रशासन पर पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके साथ के अन्य प्रभावित लोगों को आपदा मुआवजा मिल चुका है, लेकिन इन परिवारों को आज तक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। वे अपने आर्थिक हालात के कारण मकानों की मरम्मत कराने में पूरी तरह असमर्थ हैं और वर्तमान में उनका जीवन असुरक्षित है। उन्होंने मांग की है ग्रहण प्रभावित मकानों का तुरंत मौका मुआयना कर मुकम्मल छानबीन की जाए। पीड़ित परिवारों को उनके पुनर्वास हेतु उचित आपदा राहत राशि प्रदान की जाए और प्रशासनिक स्तर पर हो रहे विलंब और भेदभाव की जांच की जाए। इसके उपरांत ग्रामीणों ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त ने तुरंत एसडीएम चुराह को उचित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। वहीं, अधिवक्ता जय सिंह ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें