सुल्तानपुर में बरसात से पहले सुरक्षा इंतजाम की मांग, नाले से खतरा बढ़ा
सुल्तानपुर में बरसात से पहले सुरक्षा इंतजाम की मांग, नाले से खतरा बढ़ा
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
जिला चम्बा के मोहल्ला सुल्तानपुर के निवासियों ने आगामी मानसून और भारी बारिश के खतरे को देखते हुए आज उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा है। लोगों ने बताया कि सुल्तानपुर के घरोला नाला में सुरक्षा दीवार न होने के कारण उनके घरों पर तबाही का साया मंडरा रहा है। अगस्त 2025 में हुई भारी बारिश के दौरान इस नाले का जलस्तर इतना बढ़ गया था कि कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ गौशालाएं मलबे में दब गई थीं। उस समय प्रशासन ने मौके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन ठोस समाधान अभी बाकी है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 1995-96 में भी इस नाले ने भारी नुकसान किया था। उस समय वन विभाग द्वारा लगाए गए क्रेट अब पानी के बहाव में पूरी तरह बह चुके हैं। इसके कारण नाले का रुख मोड़ने और मोहल्ले में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क कटाई का मलबा नाले की पहाड़ी पर ही फेंका जा रहा है। इससे भविष्य में भूस्खलन का खतरा और भी गंभीर हो सकता है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले नाले में मजबूत क्रेट लगाए जाएं और जहां से जल भराव अधिक होता है, वहां कंक्रीट की दीवार का निर्माण किया जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें