जन आक्रोश रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे रविंद्र धीमान, बोले—अब खत्म होने वाला है आपका समय
जन आक्रोश रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे रविंद्र धीमान, बोले—अब खत्म होने वाला है आपका समय
जयसिंहपुर में आयोजित जन आक्रोश रैली में पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश की मौजूदा स्थिति को चिंताजनक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है, जहां जमीन और खनन माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।
धीमान ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह जन आक्रोश रैली वर्तमान सरकार और जयसिंहपुर के विधायक एवं काबीना मंत्री के लिए स्पष्ट संदेश है कि अब उनका समय समाप्त होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने 1500 रुपये देने के नाम पर प्रदेश की महिलाओं के आत्मसम्मान से खिलवाड़ किया है और अब जनता इसका जवाब देने को तैयार है।
कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे कि पहली कैबिनेट बैठक में ही महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे, लेकिन कई बैठकें बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने “चरणबद्ध तरीके” का नया बहाना खोज लिया है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं को कांग्रेस ने बहाने बनाकर बंद कर दिया, जिससे हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि अगर कोई खुश है तो केवल सरकार की “मित्रमंडली” ही है, जबकि आम जनता त्रस्त है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उनके अनुसार, प्रदेश झूठ, भ्रष्टाचार और तानाशाही का अड्डा बन चुका है और जनता अब इस व्यवस्था को उखाड़ फेंकने के मूड में है।
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए धीमान ने कहा कि मंत्री होने के बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं और खनन माफिया का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्वास्थ्य संस्थान और सरकारी कार्यालय केवल औपचारिकता तक सीमित रह गए हैं, जिससे लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।
सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हर वर्ग परेशान है और गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस दौरान रविंद्र धीमान ने कुछ कर्मचारियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चाटुकारिता छोड़कर अपने काम पर ध्यान दें।
रैली में जयसिंहपुर मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र राणा, आलमपुर मंडल के हनुमंत शर्मा, पंचरुखी मंडल की ऊषा राणा, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री संजीव ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, महामंत्री राजेश सुग्गा, दिलेर राणा, विनीत भारती, धर्मेंद्र सिंह जोली, आदर्श सूद, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकुश धीमान, सिद्धार्थ, सपू मिन्हास, महिला मोर्चा सरस्वती जरयाल, बिनता कटोच, तृप्ता देवी, मनीषा शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें