युवक ने ससुराल में खाया जहर हुई मौत
गहरौली/मुस्करा (हमीरपुर) : कस्बा स्थित एक मोहल्ले अपनी ससुराल आए युवक ने पत्नी से कुछ कहासुनी होने पर जहर खाकर जान दे दी। जानकारी होने पर उसकी पत्नी परिजनों के सहयोग से उसे सीएचसी लेकर गई।जहां चिकित्सक ने पति को मृत घोषित कर दिया।
थानाक्षेत्र के पहाड़ी गांव निवासी हेमराज ने बताया कि भाई ब्रजेश की शादी गहरौली निवासी विशेखा के संग छह साल पहले हुई थी। सोमवार को पति-पत्नी भांजे की शादी में हुसैना गांव गए थे। वहां से वापस अपनी ससुराल गहरौली आकर रुक गए। जहां पर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद भाई ने जहर खा लिया।
बताया कि दो-तीन दिन पहले से ही पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। इसके चलते पत्नी ने अपने भाई अंकित को सूचना दी थी। इस पर गहरौली से अंकित कुछ लड़कों के साथ अपने बहनोई को मारने के लिए पहाड़ी आया था और धमकी देकर गया था।
इसके बाद साला अंकित अपने बहनोई को धमकाने हुसैना गांव भी गया था। इससे उसका भाई बहुत परेशान था। वहीं उसकी पत्नी विशेखा ने बताया कि सुबह आठ बजे वह भांजे की शादी लौट कर अपने मायके गहरौली आ गई थी।
दोपहर में भांजे रामबरन के साथ उसका पति भी ससुराल आ गया था। उस समय वह शराब पीए थे। जिसका उसने विरोध किया तो दोनों में झगड़ा हो गया।
इसके बाद वहां से चला गया और कुछ देर बाद वापस घर आया और बच्चों को दुलारते हुए अपने साथ लाया जहर खा लिया।
मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलेगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं