“पहले नेशनल स्पेस डे” पर डाइट शिमला में राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन - Smachar

Header Ads

Breaking News

“पहले नेशनल स्पेस डे” पर डाइट शिमला में राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन

 “पहले नेशनल स्पेस डे” पर डाइट शिमला में राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन

हिमाचल सहित पूरे देश के 700 स्कूलों के बच्चों, शिक्षकों ने वेबिनार में की शिरकत


शिमला : गायत्री गर्ग /

देश आज अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहा है। दरअसल भारत के चंद्रयान-3 मिशन ने एक साल पहले इसी दिन यानी 23 अगस्त, 2023 को चांद की सतह पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग पूरी की थी। सॉफ्ट लैंडिंग के बाद प्रज्ञान रोवर की सफल तैनाती की गई। इसी के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया था। इसके साथ ही 23 अगस्त को “राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस” घोषित किया गया। इसी उपलक्ष्य में समग्र शिक्षा के राष्ट्रीय अविष्कार अभियान की ओर से हिमाचल प्रदेश रामानुजन मैथ्स क्लब के साथ मिलकर डाइट शिमला में राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। “चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा” विषय पर आयोजित इस वेबिनार का शुभारंभ गुजरात के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. भरत चनियारा ने किया। इस वेबिनार में हिमाचल सहित देशभर के 700 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। डॉ. चनियारा ने चंद्रयान-1 और 2 की विफलताओं के अनुभवों को सब के साथ साझा किया। उन्होंने चंद्रयान– 3 के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी और इसके विभिन्न चरणों की कार्यप्रणाली एक वीडियो के माध्यम से समझाया, जिसका बच्चों और अध्यापकों ने आनंद लिया। इस दौरान बच्चों एवं शिक्षकों ने अन्तरिक्ष अन्वेषण से सम्बन्धित कई सवाल भी पूछे, जिनका डॉ. चनियारा ने बड़ी सहजता से जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का इस विषय में जागरूक होना और रोचक प्रश्न पूछना, अपने आप में इस वेबिनार की सफलता को दर्शाता है।   

इस मौके पर डाइट के प्रधानाचार्य जय देव नेगी ने वेबिनार में जुड़े सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों एवं बच्चों का स्वागत किया। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, डाइट शिमला के समन्वयक डॉ. संजीव कुमार ने इस वेबिनार की रुपरेखा प्रस्तुत की और बताया कि इस साल के राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का विषय 'चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा' रखा गया है। उन्होंने कहा कि भारत का चंद्रयान-3 मिशन एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसने देश को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। डा. संजीव ने इस अभियान के अन्तर्गत स्कूलों में चल रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डाइट शिमला समय-समय पर बच्चों के लिए गणित और विज्ञान से सम्बन्धित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। इस असवर पर समग्र शिक्षा हिमाचल से भी डॉ. मंजुला शर्मा, सोनिया शर्मा ने भी इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कोई टिप्पणी नहीं