रिवालसर में ब्रह्मकुमारी संस्था ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, नारी शक्ति का दिया संदेश
रिवालसर में ब्रह्मकुमारी संस्था ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, नारी शक्ति का दिया संदेश
रिवालसर : अजय सूर्या /
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रिवालसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्था की संचालिका बीके सुनीता दीदी के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र की अनेक मातृशक्तियों तथा समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निशा ठाकुर (पूर्व मंडल अध्यक्षा) तथा कला देवी (सेवानिवृत्त खंड मंडल अधिकारी) उपस्थित रहीं। वहीं प्रधान महिला मंडल लोमस माया देवी सहित क्षेत्र की कई महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर नारी शक्ति के सम्मान और उत्थान का संदेश दिया।
इस अवसर पर महिलाओं की महानता, त्याग और प्रेरणा को दर्शाने के लिए सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों में मीराबाई, मदर टेरेसा, रानी लक्ष्मीबाई, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा भारत माता के स्वरूप को दर्शाया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं के साहस, सेवा, भक्ति और नेतृत्व की प्रेरणादायी गाथा को जीवंत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी समाज की शक्ति और संस्कारों की आधारशिला है। जब नारी आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाती है तो परिवार और समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव का वातावरण बनता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों को ईश्वरीय सौगात भेंट की गई तथा ब्रह्मभोजन के साथ सभी को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई। इस आयोजन ने सभी के हृदय में नारी सम्मान और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें