मेले और त्योहारों से मजबूत होती है संस्कृति और भाईचारे की डोर: यादविंद्र गोमा
मेले और त्योहारों से मजबूत होती है संस्कृति और भाईचारे की डोर: यादविंद्र गोमा
जयसिंहपुर
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मंत्री शुक्रवार को जयसिंहपुर में आयोजित जिला स्तरीय होली मेला की दूसरी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने जयसिंहपुर विश्राम गृह से लेकर मेला ग्राउंड तक निकाली गई भव्य शोभा यात्रा में भाग लिया। शोभा यात्रा में स्थानीय लोगों, कलाकारों और विभिन्न संस्थाओं की टोलियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेले और त्योहारों से संस्कृति और भाईचारे की डोर मजबूत होती है। होली का त्योहार प्रदेश के सबसे लोकप्रिय और आनंदमय पर्वों में से एक है, जो बसंत ऋतु के आगमन के साथ खुशियों और उमंग का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर में होली उत्सव को जिला स्तरीय पहचान मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और यहां के लोग इस उत्सव को हर वर्ष बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी संस्कृति को सहेजने का माध्यम हैं बल्कि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्रदान करते हैं। मंत्री यादविंद्र गोमा ने इस अवसर पर मेला की दूसरी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय तथा बाहर से आए कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर मेला समिति की ओर से मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
मंत्री ने छिंज में भी भाग लिया और विजेता पहलवानों को पुरस्कृृत किया। साथ ही मेले में लगाई गई प्रदर्शनियों का भी मंत्री ने अवलोकन किया।
इस मौके पर एसडीएम संजीव ठाकुर, बीडीओ सिकंदर कुमार, कांग्रेस नेता जसवंत डडवाल, मेला समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें