ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ में बना सुंदर मोक्ष धाम बना लोगों के आकर्षण का केंद्र
ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ में बना सुंदर मोक्ष धाम बना लोगों के आकर्षण का केंद्र
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ के वार्ड नंबर 6 में बनाया गया आधुनिक एवं सुंदर मोक्ष धाम इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से तैयार किए गए इस मोक्ष धाम ने वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया है।
जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी मस्त राम, प्रशोतम लाल, सुख लाल, शूंको राम, सुशील कुमार, विक्रमजीत सिंह, कुलवंत सिंह, सोनू कुमार, महिंद्र सिंह, अमर सिंह, सागर चौधरी, पूर्व पंचायत सदस्य पवन कुमार, समाजसेवी विपन कुमार धीमान, प्रशोतम लाल चांग तथा ओम प्रकाश ने बताया कि गांव के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी कि क्षेत्र में एक पक्का, स्वच्छ और सुंदर मोक्ष धाम बनाया जाए।
स्थानीय लोगों प्रशोतम कुमार और मस्त राम ने इसके लिए लगभग एक कनाल कीमती भूमि दान में दी, जिसके बाद मोक्ष धाम निर्माण कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया ग्राम पंचायत भरमाड़ के पूर्व प्रधान सुशील कुमार व वार्ड न० 8 के पंचायत सदस्य पवन कुमार (वीरू) के सहयोग से मोक्ष धाम का निर्माण संभव हो पाया।
हालांकि बजट की कमी के कारण शुरुआत में मोक्ष धाम की चारदीवारी का निर्माण नहीं हो सका था। इसके बाद पंचायतवासियों ने आपसी सहयोग से करीब डेढ़ लाख रुपये एकत्रित किए और मोक्ष धाम के चारों ओर बाउंड्री वाल, मंदिर, शेड और फर्श का निर्माण करवाया। साथ ही दोनों ओर गेट लगाए गए तथा लोगों के बैठने के लिए बैंच भी स्थापित की गईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले उन्हें खड्ड के किनारे खुले स्थान पर अंतिम संस्कार करने पड़ते थे। बरसात के दिनों में खड्ड का जलस्तर बढ़ जाने के कारण कई घंटों तक अंतिम संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ता था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नया मोक्ष धाम सुरक्षित स्थान पर बनाए जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
पंचायतवासियों ने इस नेक कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव हो पाते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें