नलसर पहुंची श्री सत्य साईं बाबा की प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत
नलसर पहुंची श्री सत्य साईं बाबा की प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत
नेरचौक : अजय सूर्या /
भगवान श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली जा रही “प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ यात्रा” शनिवार को नलसर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया। हितेश एरोमेटिक परिसर में जैसे ही दिव्य रथ पहुंचा, उपस्थित भक्तजनों ने श्री सत्य साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर फल और जूस वितरित किए। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
विदित रहे कि 7 मई से श्री सत्य साई सेवा संगठन जिला मंडी द्वारा निकाली जा रही यह आध्यात्मिक यात्रा 12 मई तक विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश फैलाना है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु यात्रा से जुड़कर सेवा भावना को आगे बढ़ा रहे हैं।
संगठन के समन्वयक किशोरी लाल शर्मा और कुंदन शर्मा ने बताया कि रथ यात्रा जहां-जहां पहुंच रही है, वहां श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। नलसर में भी भक्तों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा फल वितरण जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज में प्रेम, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का माध्यम है। यात्रा के दौरान भगवान श्री सत्य साईं बाबा के बताए सत्य, धर्म, शांति, प्रेम और अहिंसा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
नलसर में यात्रा के विश्राम के दौरान भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि फल वितरण कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं और सेवकों के लिए रितेश गुप्ता के निवास पर भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई।
श्री सत्य साई सेवा संगठन के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से इस आध्यात्मिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज में प्रेम एवं सेवा की भावना को मजबूत करने की अपील की है। मंडी जिला में “प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ यात्रा” को लेकर धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु इसके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें