विधायक निधि पर रोक से ठप विकास कार्य, सुक्खू सरकार पर बरसे इंद्र सिंह गांधी
विधायक निधि पर रोक से ठप विकास कार्य, सुक्खू सरकार पर बरसे इंद्र सिंह गांधी
नेरचौक : अजय सूर्या /
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रेस वार्ता में सुक्खू सरकार पर विधायक निधि एवं ऐच्छिक निधि पर रोक लगाकर जनहित के विकास कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति यह है कि विधायक प्राथमिकता वाले कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों के लिए आज तक डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तक तैयार नहीं हो पाई है, जिससे विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष आदरणीय जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल ने माननीय राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट कर ज्ञापन सौंपा और इन सभी मुद्दों को उनके संज्ञान में लाया।
भाजपा विधायक दल ने राज्यपाल के माध्यम से सरकार से मांग की है कि विधायक निधि एवं ऐच्छिक निधि को तुरंत जारी किया जाए, विधायक प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर स्वीकृति दी जाए तथा स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि जनता के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या राजनीति स्वीकार्य नहीं है और सरकार को जनहित में तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।


कोई टिप्पणी नहीं