प्रोग्रेसिव काउंसिल चम्बा की मासिक बैठक आज लक्ष्मण क्लब चम्बा में आयोजित की गई।
प्रोग्रेसिव काउंसिल चम्बा की मासिक बैठक आज लक्ष्मण क्लब चम्बा में आयोजित की गई।
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
बैठक की अध्यक्षता सी.पी. सहगल ने की, जिसमें जिले की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रस्ताव पारित किए गए। काउंसिल के सदस्यों ने प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर कड़ा ऐतराज जताया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि यह कदम बिजली बोर्ड को निजीकरण की ओर धकेलने की एक साजिश है।
इससे केवल उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को लाभ होगा।
आम जनता पर बेवजह आर्थिक बोझ पड़ेगा, जो न तो सरकार के हित में है और न ही जनहित में।
बैठक में मेडिकल कॉलेज चम्बा से मुगला रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की राइड विद प्राइड सेवा के अचानक बंद होने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस सुविधा के बंद होने से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की है कि इस जनसुविधा को तुरंत बहाल किया जाए। वक्ताओं ने यह भी कहा कि आकांक्षी जिला होने के बावजूद चम्बा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। मेडिकल कॉलेज में न्यूरोलॉजी,
यूरोलॉजी और हृदय रोग जैसे महत्वपूर्ण विभागों को विशेषज्ञों की नियुक्ति के साथ सुचारू रूप से संचालित किया जाए ताकि मरीजों को टांडा या शिमला न भागना पड़े।
शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और पार्किंग की समस्या को देखते हुए काउंसिल ने मांग की है कि नए बस अड्डे के पास खाली पड़ी भूमि का उपयोग अस्थाई पार्किंग के रूप में किया जाए, जिससे शहर की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम किया जा सके। इस मौक़े पर वी.एम. महाजन, खुशहाल बक्शी, बुधिया राम, प्रवीण पुरी, सुरेंद्र भंडारी, ओ.पी. पुरी, मुकेश कंपानी सहित कई अन्य मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें