भरमाड़ स्कूल के छात्र तनुज कुमार ने NMMS परीक्षा में जिला कांगड़ा में पाया आठवां स्थान
भरमाड़ स्कूल के छात्र तनुज कुमार ने NMMS परीक्षा में जिला कांगड़ा में पाया आठवां स्थान
भरमाड़ : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ के आठवीं कक्षा के छात्र तनुज कुमार ने एनएमएमएस (नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप) परीक्षा में जिला कांगड़ा में आठवां रैंक (95 प्रतिशत अंक) प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर अब तनुज कुमार को आगे की पढ़ाई के लिए प्रति वर्ष ₹12,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी शिक्षा को आर्थिक सहायता मिलेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्य अनामिका चौधरी ने इस उपलब्धि पर छात्र तनुज कुमार को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने तनुज के पिता राकेश कुमार और माता सुषमा देवी को भी शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता छात्र की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि तनुज की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे अन्य बच्चों को भी कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। विद्यालय के सभी शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी तनुज कुमार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
तनुज के पिता राकेश कुमार ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी पल्लक ने वर्ष 2022–23 में इसी विद्यालय से प्रदेश स्तर पर कला संकाय में टाप टैन स्थान प्राप्त किया था। अब उनके बेटे तनुज ने भी एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों ने बिना किसी निजी ट्यूशन के अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धियां हासिल की हैं और वे पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर रहते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें