महोत्सव के आयोजन के लिए आयोजन समिति को एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की विधानसभा अध्यक्ष ने
महोत्सव के आयोजन के लिए आयोजन समिति को एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की विधानसभा अध्यक्ष ने
नूरपुर : विनय महाजन /
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज नूरपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारम्भ किया। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने दही हांडी प्रतियोगिता में भी भाग लिया तथा प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित किया। दही हांडी प्रतियोगिता के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण और भक्त मीरा से जुड़ा यह विश्व का इकलौता मंदिर है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के साथ मीरा की प्रतिमा विराजमान है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि नूरपुर की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके द्वारा दिया गया गीता का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया, जिसे अपने जीवन में आत्मसात करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि श्री बृजराज स्वामी मंदिर नूरपुर की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, स्थानीय प्रशासन तथा मंदिर कमेटी को बधाई दी।इस अवसर पर उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए आयोजन समिति को एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।महोत्सव की स्टार नाइट में हिमाचली लोक गायक काकू राम ठाकुर एवं कुमार साहिल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों के बच्चों तथा स्थानीय कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर हिमाचली संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।इस अवसर पर वन विकास निगम के निदेशक मंडल के सदस्य योगेश महाजन,एसपी इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण शर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संदेश डडवाल, सुदर्शन शर्मा,नगर परिषद की अध्यक्षा नीति महाजन,उपाध्यक्ष सोनिया सोगा, श्री बृजराज स्वामी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें